राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर मछली एवं वन्यजीवों के शिकार का प्रयास करने वाले ओडिशा के तीन आरोपियों को वन विभाग की एंटी-पोचिंग टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल गरियाबंद भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पी.ओ.आर. प्रकरण क्रमांक 16/393, दिनांक 25 अप्रैल 2026 के तहत की गई है।
गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि करते पकड़े गए आरोपी
जानकारी के अनुसार, उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व, गरियाबंद के अंतर्गत परिक्षेत्र इंदागांव (धुरवागुड़ी) बफर के पीपलखूंटा सर्कल में वन कर्मचारियों एवं पेट्रोलिंग श्रमिकों द्वारा नियमित पैदल गश्त की जा रही थी।
गश्त के दौरान आरक्षित वनक्षेत्र कक्ष क्रमांक 1204 एवं 1206 में तीन व्यक्तियों को संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया। आरोपियों की पहचान चमरु पिता लहरिया कमार, लखीराम पिता नवलसिंग कमार तथा संजय पिता मल्लुराम कमार, निवासी ग्राम अछला, थाना रायघर, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) के रूप में की गई है।

प्राथमिक जांच में पाया गया कि आरोपी गोड़ेना जलप्रपात में बहते पानी को फावड़े की सहायता से रोककर उसमें वनक्षेत्र से प्राप्त विषैले पत्तों को मिलाकर मछली पकड़ने का प्रयास कर रहे थे। मौके पर मौजूद एंटी-पोचिंग टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
वन विभाग द्वारा तीनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 2, 27, 29, 50 एवं 52 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपियों को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, देवभोग के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद तीनों को जिला जेल गरियाबंद में दाखिल किया गया।
टाइगर रिज़र्व में अवैध गतिविधियों पर सख्ती
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में अवैध कटाई, अतिक्रमण और शिकार जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई गई है। एंटी-पोचिंग टीम द्वारा नियमित गश्त और सघन निगरानी के माध्यम से ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्रवाई में इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में गरियाबंद पुलिस एवं एंटी-पोचिंग टीम के साथ सहायक परिक्षेत्र अधिकारी भूपेन्द्र कुमार सोनी, वनरक्षक रुस्तम यादव, वनरक्षक पामेश्वरी नेताम, वनरक्षक ललीता मरकाम सहित पेट्रोलिंग श्रमिकों एवं सुरक्षा कर्मियों का विशेष योगदान रहा।


