मैनपुर (गरियाबंद): मैनपुर विकासखंड के वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आज का दिन ऐतिहासिक रहा। क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और जरूरत को देखते हुए मैनपुर को एक नई 108 एंबुलेंस की सौगात मिली है।

“ऐके नंबर सब्बो बर”: बीएमओ ने दिखाई हरी झंडी
नई एंबुलेंस के आगमन पर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में खुशी की लहर दौड़ गई। खण्ड चिकित्सा अधिकारी (BMO) गजेंद्र ध्रुव ने विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर इस जीवनदायिनी सेवा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बीएमओ गजेंद्र ध्रुव ने कहा:
“स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना हमारी प्राथमिकता है। ‘ऐके नंबर सब्बो बर‘ (सभी के लिए एक ही नंबर ) 108 के संकल्प के साथ यह नई एंबुलेंस अब क्षेत्र के चप्पे-चप्पे तक पहुँचेगी और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को त्वरित उपचार दिलाने में मददगार साबित होगी।”
अनुभवी टीम संभालेगी जिम्मेदारी

इस नई एंबुलेंस यूनिट में समर्पित और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती की गई है, जो 24 घंटे अपनी सेवाएं देंगे:
ईएमटी (EMT): पूजा चक्रधारी
पायलट (ड्राइवर): गुलशन
यह टीम आधुनिक उपकरणों से लैस इस एंबुलेंस के जरिए गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना पीड़ितों को कम से कम समय में अस्पताल पहुँचाने का कार्य करेगी।
ग्रामीणों में उत्साह
मैनपुर जैसे भौगोलिक रूप से कठिन क्षेत्र में नई एंबुलेंस मिलने से अब इलाज में होने वाली देरी कम होगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शासन और स्वास्थ्य विभाग के इस कदम की सराहना की है। अब “108” की गूंज हर जरूरतमंद के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरेगी।


