
मैनपुर (गरियाबंद): चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के पावन अवसर पर समूचा मैनपुर अंचल भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव और आगामी हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर नगर में सेवा और सद्भाव की अनूठी मिसाल पेश की गई। इस पावन अवसर पर कहीं शीतल शरबत की मिठास घुली, तो कहीं प्रभु के प्रसाद के रूप में महाभंडारे का आयोजन हुआ।
पुलिस का मानवीय चेहरा: थाना प्रभारी ने खुद संभाली सेवा की कमान

मैनपुर थाना प्रभारी शिव शंकर हुर्रा ने इस धार्मिक उत्सव में एक सजग प्रहरी के साथ-साथ एक सेवाभावी नागरिक की भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में थाना परिवार द्वारा राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए शीतल शरबत वितरण का स्टाल लगाया गया। भीषण गर्मी के बीच ठंडे शरबत ने भक्तों को न केवल राहत दी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच के मधुर संबंधों को भी दर्शाया। थाना प्रभारी श्री हुर्रा खुद लोगों को शरबत पिलाते नजर आए, जिसकी नगरवासियों ने जमकर सराहना की।
युवा मंच का ‘महाभंडारा’: उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

भक्ति के इस उल्लास को दोगुना करते हुए स्थानीय युवा मंच द्वारा भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया। जय श्री राम के जयघोष के साथ शुरू हुए इस भंडारे में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। युवा मंच के सदस्यों ने पूरी निष्ठा के साथ व्यवस्था संभाली और आने-जाने वाले हर भक्त को ससम्मान प्रसाद वितरित किया।
नगर में उत्सव का माहौल
रामनवमी और हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इन कार्यक्रमों से पूरे मैनपुर का वातावरण भक्तिमय हो गया है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और पुलिस प्रशासन की इस संयुक्त सहभागिता ने सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया है |


