भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा गांधी कॉलेज के पीछे स्थित अटल आवास में जन्मदिन समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ लोगों द्वारा किए गए धारदार हथियार से हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार बाबू नामक युवक अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान हरीश और उसके कुछ साथी वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में बाबू समेत एक अन्य युवक के हाथ और कमर में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को उपचार के लिए सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित पक्ष ने वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उनका आरोप है कि लगातार पुलिस पेट्रोलिंग के दावों के बावजूद असामाजिक तत्व बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
निवासियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाओं में और वृद्धि हो सकती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।





