राजपूत ढाबा के पास हुआ हादसा, एक युवक के सिर में गंभीर चोट; मैनपुर अस्पताल में चल रहा उपचार
मैनपुर । राष्ट्रीय राजमार्ग-130C पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे मैनपुर-गरियाबंद मार्ग स्थित राजपूत ढाबा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, लोकसाय धुर्वा (23 वर्ष) निवासी ग्राम गौरघाट अपनी बाइक से कुंतीबाई धुर्वा (56 वर्ष) को पीछे बैठाकर मैनपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दूसरी बाइक सवार किशन ध्रुव (45 वर्ष) निवासी गौरघाट के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि अन्य दो लोग भी घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम के आरक्षक नरेश निषाद एवं वाहन चालक प्रकाश निषाद तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम ने बिना समय गंवाए तीनों घायलों को प्राथमिक सहायता देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलें सड़क पर दूर तक घिसट गईं। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने दुर्घटना की सूचना दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

