मैनपुर। आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर मैनपुर क्षेत्र में उत्साह का माहौल अभी से देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में मैनपुर दुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष के पावन पर्व के लिए तैयारियों का अंदरूनी रूप से भव्य आगाज कर दिया गया है। समिति के सदस्यों की उपस्थिति में विधि-विधान और पारंपरिक रस्मों के साथ माँ दुर्गा की मूर्ति की बुकिंग कर दी गई है।
शुभ मुहूर्त में मूर्ति कलाकारों को श्रीफल (नारियल) भेंट कर और अग्रिम राशि (एडवांस) प्रदान कर माँ दुर्गा की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा का निर्माण करने के लिए आधिकारिक रूप से आमंत्रण एवं जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
इस अवसर पर समिति के सभी प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य पूरी ऊर्जा के साथ उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से बलदेव राज ठाकुर, आर्यन पटेल, पवन पटेल, किशन नागेश, कृष्ण कुमार पटेल समेत कई गणमान्य नागरिक और समिति के समर्पित कार्यकर्ता शामिल रहे।
समिति के सदस्य आर्यन पटेल ने बताया कि इस बार नवरात्रि का यह पर्व बेहद भव्य और ऐतिहासिक तरीके से मनाया जाएगा। मूर्ति निर्माण के साथ ही अब पंडाल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि क्षेत्रवासियों और दर्शनार्थियों को माँ के दरबार में किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा मैनपुर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आए।

