पेंड्रा गांव में दहशत का माहौल, हर ग्रामीण के हाथ में डंडा; आरोपी को काबू करने में जुटी पुलिस
मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के शोभा थाना अंतर्गत ग्राम पेंड्रा में बुधवार को सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव के ही हीरा नामक युवक ने एक ग्रामीण पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत होने की जानकारी है। वहीं हमले में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी खबर सामने आई है। घटना के बाद आरोपी युवक कथित तौर पर हाथ में कुल्हाड़ी लेकर गांव में घूमता रहा और सामने आने वाले लोगों को दौड़ाने लगा, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डर और अपनी सुरक्षा को लेकर प्रत्येक ग्रामीण के हाथ में डंडा नजर आ रहा है। ग्रामीण समूह बनाकर एक-दूसरे के साथ रह रहे हैं और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी देख आरोपी अपने कमरे में जाकर छिप गया। पुलिस द्वारा बाहर से निगरानी किए जाने के दौरान युवक द्वारा गुलेल से हमला करने का प्रयास किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस आरोपी को सुरक्षित तरीके से काबू में लेने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
युवक के हाथ में धारदार हथियार होने के कारण पुलिस बेहद सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद ग्राम पेंड्रा में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी को नियंत्रित करने और स्थिति को सामान्य करने में जुटी हुई है। मामले में घटना के वास्तविक कारणों और अन्य तथ्यों की जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

