सिहावा। धमतरी जिले के सिहावा क्षेत्र के गढ़ीहापारा में शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि एक 13 वर्षीय किशोर घायल हो गया। ट्रैक्टर पलटने से हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
गढ़ीहापारा के पास एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। ट्रैक्टर के नीचे दबने से पंडरीपानी निवासी सुमन मरकाम (18 वर्ष), पिता रामगुलाल मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में डोमेश्वर यादव (13 वर्ष), पिता गोविंद यादव, निवासी पंडरीपानी, घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायल किशोर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलटा, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।





