गरियाबंद। तहसील मुख्यालय मैनपुर से लगभग 18 किलोमीटर दूर घने जंगल और पहाड़ियों के बीच बसे राजीव गोद ग्राम कुल्हाड़ीघाट में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर द्वारा किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आदिवासी कमार जनजाति के ग्रामीण शामिल हुए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत दोपहर 12 बजे तेज धूप में गांव में रैली निकाली गई। इस दौरान बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, महामंत्री गेंदू यादव एवं कुल्हाड़ीघाट के सरपंच बनसिंह सोरी सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गांव की गलियों में रैली निकालकर सभा आयोजित की गई।

सभा के दौरान कमार जनजाति परिवारों को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर द्वारा साल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि राजीव गांधी देश के प्रथम युवा प्रधानमंत्री के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में देश में कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की नींव रखी, जिसके कारण आज भारत तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार देने का ऐतिहासिक निर्णय भी राजीव गांधी ने ही लिया था। उनके द्वारा देश के विकास और युवाओं के भविष्य के लिए किए गए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
राजीव गांधी को भारत में सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार क्रांति का प्रमुख सूत्रधार माना जाता है। उनके कार्यकाल में कंप्यूटर, टेलीकॉम और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिला, जिससे देश में संचार व्यवस्था मजबूत हुई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने कहा कि वर्ष 1985 में जब राजीव गांधी कुल्हाड़ीघाट पहुंचे थे, तब गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क और मूलभूत सुविधाएं नहीं थीं। राजीव गांधी के दौरे के बाद गांव में सड़क, बिजली, स्कूल एवं आश्रम जैसी सुविधाओं का विकास हुआ। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में आदिवासी कमार जनजाति के विकास के लिए भाजपा सरकार द्वारा पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस महामंत्री खेदू नेगी, मैनपुर मंडल अध्यक्ष टीकम कपिल, महामंत्री गेंदू यादव, नेहाल नेताम, सरपंच बनसिंह सोरी, दामोदर मरकाम, धनसाय सोरी, तनवीर राजपूत, युवा कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष शाहिद मेमन, सावंत शर्मा, डोमार साहू, लिकेश यादव, घनश्याम यादव, नील कुमार बघेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री गेंदू यादव ने किया।
देशभर में गुरुवार को राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। कांग्रेस नेताओं ने नई दिल्ली स्थित वीर भूमि पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


