गरियाबंद। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘नया सवेरा अभियान’ के तहत गरियाबंद पुलिस ने गुरुवार को दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 13 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना गरियाबंद पुलिस ने ग्राम नांगाबुड़ा के आवासपारा में दबिश दी। यहां पूर्णिमा कमार (38) के कब्जे से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1,200 रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
इसी अभियान के दौरान पुलिस को नांगाबुड़ा के चट्टानपारा में अवैध शराब बिक्री की एक और सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमल सोरी (38) के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। बरामद शराब की कीमत करीब 1,400 रुपए आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 13 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2,600 रुपए है, जब्त की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।





