सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे चरण में शिक्षकों को दी गई बाल संरक्षण कानूनों की जानकारी, अब स्कूलों में बच्चों को करेंगे जागरूक
गरियाबंद। बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षित रखने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से जिले में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। 21 नवंबर को न्यू सर्किट हाउस गरियाबंद के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 25 विद्यालयों के 50 शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), 2012 के संबंध में विधिक जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार आयोजित यह कार्यशाला अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान सुरक्षित बचपन के द्वितीय चरण का हिस्सा थी। इसका उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से स्कूलों में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण कानूनों, सुरक्षा उपायों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ताकि बच्चों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
बच्चों की सुरक्षा के लिए बताए तीन महत्वपूर्ण नियम

प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षकों को बच्चों की व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े तीन महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। इनमें ‘SAY NO’ यानी गलत या असहज व्यवहार पर साफ मना करना, ‘MOVE AWAY’ यानी ऐसी स्थिति से तुरंत दूर हटना और ‘TELL SOMEONE’ यानी किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देना शामिल है।
इसके साथ ही शिक्षकों को चाइल्ड हेल्पलाइन और अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षकों ने बच्चों के साथ होने वाले लैंगिक अपराधों की पहचान, उनसे बचाव और ऐसी घटनाओं की जानकारी मिलने पर उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
न्यायिक अधिकारियों और विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण
कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति गरियाबंद बीआर साहू, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सीमा कुमार, उप पुलिस अधीक्षक लीतेश सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी अनिल द्विवेदी, पैनल अधिवक्ता होमेश्वर सिंह यदु एवं हेमराज दाऊ तथा बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) गरियाबंद के सपोर्ट पर्सन नंदकुमार नायक उपस्थित रहे।
सभी प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को पॉक्सो अधिनियम सहित बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया।
स्कूलों में बच्चों तक पहुंचाई जाएगी जानकारी
प्रशिक्षण के बाद अब संबंधित शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और किसी भी अनुचित घटना की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जागरूक करेंगे। कार्यशाला में न्यायिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पैनल अधिवक्ताओं, सपोर्ट पर्सन, न्यायालयीन कर्मचारियों, पैरा लीगल वालंटियर्स और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों का सहयोग रहा।



