मैनपुर| छ.ग. वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने गरियाबंद जिले में वनों की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वन मण्डलाधिकारी (गरियाबंद) श्री मयंक पाण्डेय (भा.व.से.) के निर्देश और उप वनमण्डलाधिकारी (देवभोग) श्री राजेन्द्र सोरी के मार्गदर्शन में मैनपुर (सामान्य) परिक्षेत्र के ठेमली परिसर में लकड़ियों का अवैध जखीरा पकड़ा गया है।
प्रारंभिक जांच के बाद वन विभाग ने 15 नवंबर 2026 को वन अपराध प्रकरण क्रमांक 2438/22 दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया था। विवेचना के दौरान विभाग को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर ग्राम बोईरगांव के निवासी आरोपी हेमन्त (पिता ओमप्रकाश यादव, जाति-रावत) के निजी खेत में दबिश दी गई।
मिट्टी में दबाकर और खेत में छिपाकर रखी गई थी बेशकीमती लकड़ी
वन अमले की जांच में आरोपी की चालाकी का पर्दाफाश हुआ। आरोपी ने वन विभाग की नजरों से बचने के लिए 3 नग सागौन के लट्ठों को अपने खेत की मिट्टी में दबा कर रखा था। इसके अलावा खेत में ही 11 नग लट्ठे और छिपाकर रखे गए थे। विभाग ने खेत से लगी हुई आरोपी की बाड़ी से भी 2 नग सागौन की बल्ली और 2 नग साल की बल्ली बरामद की है।
इस पूरी कार्रवाई में कुल 18 नग (0.900 घन मीटर) वनोपज काष्ठ जब्त किया गया है। जब्त की गई लकड़ियों की कुल अनुमानित कीमत 83,275 रुपये आंकी गई है।
आरोपी को न्यायालय में किया गया पेश
वन विभाग ने आरोपी हेमन्त के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 (1) (क) (च) एवं धारा 52, तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) अधिनियम 2001 के नियम 03 के तहत अपराध दर्ज किया है। प्रकरण में न्याय विचार का अधिकार न्यायालय को होने के कारण, वन विभाग द्वारा आरोपी को जिला गरियाबंद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है।
कार्रवाई में शामिल विभागीय टीम
इस अवैध लकड़ी जब्ती और कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार साहू, श्री छबीलाल ध्रुव, परिक्षेत्र सहायक श्री नरेश नाग, श्री कविन्द्र मिश्रा, श्रीमती रोहणी ध्रुव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके साथ परिसर रक्षक श्री गौरव कौशले, श्री अघन सोरी, श्री साहेब लाल, श्री गुलशन अग्रवाणी, श्री गौरीशंकर प्रधान, श्री परमेश्वर कुर्रे तथा सुरक्षा श्रमिक श्री ब्रीज यादव व श्री धमेन्द्र ध्रुव भी इस कार्रवाई में विशेष रूप से शामिल रहे।
नोट :- यह प्रेस नोट 23 नवंबर 2026 को वन परिक्षेत्र अधिकारी, मैनपुर (सामान्य) द्वारा जारी किया गया है।


