सूरजपुर। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनएमएचपी) के तहत छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान (वृद्धाश्रम), सूरजपुर में मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मनोरोग विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें परामर्श, उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। यह शिविर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के निर्देशन में आयोजित किया गया।
शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित शर्मा, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट सचिन मातुरकर एवं सीनियर नर्सिंग ऑफिसर नंदकिशोर वर्मा ने वृद्धजनों की मानसिक एवं भावनात्मक स्थिति का परीक्षण किया। इस दौरान अवसाद, तनाव, चिंता, अनिद्रा, भूलने की बीमारी (डिमेंशिया) तथा स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को नियमित दिनचर्या अपनाने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। आवश्यकता अनुसार हितग्राहियों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा आगे के उपचार और नियमित फॉलो-अप के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। वृद्धाश्रम प्रबंधन और उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।

