गरियाबंद। किसानों के हितों की रक्षा तथा खाद की कालाबाजारी और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना देवभोग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन की जा रही 126 क्विंटल डीएपी खाद से भरे एक मेंटाडोर वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई में कुल 8 लाख 78 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना देवभोग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम तेतलखुटी क्षेत्र में एक मेंटाडोर वाहन के माध्यम से बड़ी मात्रा में डीएपी खाद का परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन क्रमांक CG 07 CK 3719 को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में डीएपी खाद की 280 बोरी बरामद हुई। प्रत्येक बोरी में लगभग 45 किलोग्राम खाद भरी हुई थी। इस प्रकार वाहन से कुल 12,600 किलोग्राम अर्थात 126 क्विंटल डीएपी खाद बरामद की गई। जब्त खाद की अनुमानित बाजार कीमत 3 लाख 78 हजार रुपये आंकी गई है।
वाहन चालक युधिष्ठिर दनता (42 वर्ष) निवासी ग्राम इंदागांव, थाना इंदागांव, जिला गरियाबंद से खाद परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह आवश्यक अभिलेख और संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सका। प्रथम दृष्टया मामला अवैध परिवहन का पाए जाने पर पुलिस ने खाद और वाहन दोनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार जब्त मेंटाडोर वाहन की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है। इस तरह खाद और वाहन सहित कुल 8 लाख 78 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है।
प्रकरण की सूचना संबंधित कृषि विभाग को भेज दी गई है। साथ ही खाद के स्रोत, गंतव्य और इस अवैध परिवहन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि खरीफ सीजन के दौरान खाद की उपलब्धता किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण विषय बनी हुई है। हाल के सप्ताहों में गरियाबंद जिले में डीएपी और यूरिया की कमी को लेकर किसानों ने चिंता भी जताई थी तथा कालाबाजारी की शिकायतें सामने आई थीं।
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या अवैध परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की अपील
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों और किसानों से अपील की है कि यदि खाद, बीज या अन्य कृषि सामग्री के अवैध भंडारण, कालाबाजारी अथवा अवैध परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या संबंधित विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





