गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ओडिशा के कत्लखाने ले जाए जा रहे 18 मवेशियों को मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन मालवाहक वाहन जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2011 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को थाना प्रभारी गरियाबंद को मुखबिर से सूचना मिली कि दो पिकअप और एक छोटा हाथी वाहन में मवेशियों को मालगांव और नहरगांव मार्ग से ओडिशा के कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम नागाबुड़ा तालाब के पास एमसीपी (मोटर चेकिंग प्वाइंट) लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध तीनों वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहनों में 14 भैंस और 4 पड़वा को बिना किसी वैध दस्तावेज के अत्यंत क्रूरतापूर्वक परिवहन करते हुए पाया। मौके से पुलिस ने विकास साहू (21), सोहन यादव (21), राजू कुमार ध्रुवे (26), मनीष कुमार बंजारे (22) और लोकेश साहू (18) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी दुर्ग एवं कबीरधाम जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन क्रमांक CG04-QL-5867, पिकअप वाहन क्रमांक CG-25-N-4355 तथा छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG-04PC-1823 को जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 4, 6 एवं 10 छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2011 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।





