महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों को मिली राज्य स्तर पर पहचान, महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाने में निभा रहीं अहम भूमिका
गरियाबंद। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गरियाबंद जिले की लता नेताम को प्रतिष्ठित मिनीमाता सम्मान से नवाजा गया है। राजधानी रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव समारोह के दौरान 3 नवंबर 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उपस्थित रहे।
लता नेताम गरियाबंद जिले की लोक आस्था सेवा संस्थान से जुड़ी हुई हैं। वे लंबे समय से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, सामाजिक उत्थान और उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही हैं। उनके इन्हीं प्रयासों और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में दिए गए योगदान को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश ने बताया कि लता नेताम के प्रयासों से महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और व्यक्तिगत स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है। वे महिलाओं को जागरूक कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि मिनीमाता सम्मान मिलना न केवल लता नेताम की उपलब्धि है, बल्कि पूरे गरियाबंद जिले के लिए गौरव का विषय है। इससे महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं और संस्थाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
कलेक्टर रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश के नेतृत्व में जिले में महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयास किए जा रहे हैं। सम्मान प्राप्त करने पर लता नेताम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


