गरियाबंद। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर रहे ग्राम बारूला के बच्चों को गरियाबंद पुलिस ने सम्मानित किया। जिला पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने स्वयं ग्राम बारूला पहुंचकर इन नन्हे कलाकारों से मुलाकात की और उनके सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया।
ग्राम बारूला के ये बच्चे कम उम्र में ही सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। खेल-कूद और मनोरंजन की उम्र में ये बच्चे गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को शिक्षा, नशामुक्ति, यातायात नियमों के पालन तथा साइबर अपराधों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक कर रहे हैं।
बच्चों के इस प्रेरणादायक कार्य की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने उनसे मिलने की इच्छा जताई। मुलाकात के दौरान उन्होंने बच्चों से उनके अनुभव साझा किए और समाज के प्रति उनकी सकारात्मक सोच एवं समर्पण की खुलकर सराहना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं। ग्राम बारूला के इन बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि समाज में बदलाव लाने के लिए उम्र नहीं, बल्कि अच्छी सोच और मजबूत संकल्प की आवश्यकता होती है। पुलिस प्रशासन ऐसे सभी प्रयासों का स्वागत और सम्मान करता है जो समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में सभी बाल कलाकारों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह समाज हित के कार्यों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम बारूला के बच्चों की यह पहल न केवल ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता का संदेश फैला रही है, बल्कि अन्य बच्चों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।





