एनसीईटी, नीट और बी.फार्मा में सफलता पर देवराज ध्रुव हुए सम्मानित
गरियाबंद। जिले के लिए गर्व की बात है कि जिले के होनहार विद्यार्थी देवराज ध्रुव ने एक साथ एनसीईटी (NCET), नीट (NEET) और बी.फार्मा प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर बी.एस. उइके ने उन्हें सम्मानित किया। यह सम्मान जिले के विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों के सम्मान समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में कलेक्टर श्री उइके ने देवराज ध्रुव सहित चयनित विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने देवराज ध्रुव की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
देवराज ध्रुव की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। एक साथ NCET, NEET और B.Pharma जैसी महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में सफलता हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।





