रायपुर। लगातार बारिश के कारण अभनपुर विकासखंड के गोबरा नवापारा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
प्रशासन की ओर से तहसीलदार शेखर मंडई सहित राजस्व विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। बाढ़ प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में ठहराने के साथ ही उनके लिए राशन सामग्री, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत एवं बचाव दल भी तैनात किए जाएंगे। प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा बाढ़ जैसी स्थिति बनने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

