चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को चेन्नई के एग्मोर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ एंड हॉस्पिटल फॉर चिल्ड्रेन का बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती बच्चों के उपचार, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न वार्डों में पहुंचे और डॉक्टरों, नर्सों तथा अस्पताल प्रशासन से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं, चिकित्सा उपकरणों और बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अस्पताल में चल रही उपचार प्रक्रियाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती बच्चों के परिजनों से भी बातचीत की और इलाज से जुड़ी सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही अस्पतालों की स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और चिकित्सा संसाधनों में किसी प्रकार की कमी न रहने देने पर भी जोर दिया।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा पूर्व निर्धारित नहीं था। औचक निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करना और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करना था। हाल के दिनों में अस्पताल की सुविधाओं को लेकर उठे सार्वजनिक मुद्दों के बीच इस निरीक्षण को सरकार की जवाबदेही और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





