गरियाबंद: गरियाबंद जिले में सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। मैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोदोमाठ निवासी परेश्वर नेगी ने जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत सौंपकर महेश साहू नामक व्यक्ति पर नौकरी दिलाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है।
प्रशिक्षण के दौरान हुई थी मुलाकात शिकायतकर्ता परेश्वर नेगी के अनुसार, वर्ष 2023 में वे जल जीवन मिशन के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल होने जिला गरियाबंद गए थे। वहाँ उनकी मुलाकात महेश साहू नामक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को राजनांदगांव का निवासी बताया और कहा कि वह जल जीवन मिशन में काम करने वाली एक एनजीओ से जुड़ा है। कुछ समय बाद, महेश साहू ने फोन पर दावा किया कि उसकी उच्च अधिकारियों से अच्छी जान-पहचान है और वह पीड़ित के परिवार में किसी बेरोजगार को सरकारी नौकरी लगवा सकता है।

नौकरी का झांसा देकर लिए 1.50 लाख रुपये पीड़ित ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रयोगशाला परिचारक, भृत्य एवं चौकीदार पदों के लिए विज्ञापन जारी होने के बाद, उसने महेश साहू से संपर्क किया। आरोपी ने उसके साले, योगेंद्र यादव की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इस काम के बदले आरोपी ने कुल 4.50 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से 1.50 लाख रुपये अग्रिम (एडवांस) के रूप में ले लिए।
खाते और ऑनलाइन माध्यम से हुआ भुगतान पीड़ित ने आरोप लगाया है कि महेश साहू ने यह राशि बैंक खाते, पेटीएम और गूगल-पे के माध्यम से प्राप्त की। पैसे लेने के बाद से आरोपी ने नौकरी लगाने का वादा पूरा नहीं किया। अब पीड़ित ने एसपी गरियाबंद से लिखित शिकायत कर आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।





