राधे पटेल / गरियाबंद संयुक्त सर्चिंग अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता
कांकेर (छ.ग.) जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के अंदरूनी जंगल क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम द्वारा बड़ेधौसा, मानकोट, उपरकोटगांव और जिक्लामारी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई, जिससे किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई जा रही है।
प्रेशर कुकर IED और पाइप बम सहित कई सामग्री बरामद
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मौके से 7 नग 5-5 किलो के प्रेशर कुकर IED, 2 पाइप बम, कोडेक्स वायर, वर्दी कपड़े, इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामग्री को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते सुरक्षा बलों की सक्रियता से इस साजिश को नाकाम कर दिया गया।
BDS टीम ने मौके पर ही किया विस्फोटकों को डिफ्यूज
बरामदगी के बाद BDS (Bomb Disposal Squad) टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सभी विस्फोटकों को मौके पर ही डिफ्यूज कर सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया है।
DRG, जिला पुलिस और BSF की संयुक्त टीम रही शामिल
इस पूरे अभियान में DRG (District Reserve Guard), जिला पुलिस बल और BSF (Border Security Force) की संयुक्त टीम शामिल रही। लगातार चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर प्रभाव डालने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
क्षेत्र में बढ़ाई गई सतर्कता
घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत कर दी गई है। पुलिस द्वारा ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों पर निश्चित रूप से प्रभाव पड़ेगा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।


