गरियाबंद जिले की देवभोग पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 35 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ ओडिशा के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन समेत कुल 18 लाख 26 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई। यह कार्रवाई 11 जुलाई 2026 को नियमित वाहन जांच के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, चेक पोस्ट पर उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही लाल रंग की होंडा SP-125 मोटरसाइकिल (क्रमांक OD 08 R 5280) को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान उनके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से 35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों से मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना नायक (22 वर्ष), निवासी ग्राम उचला, थाना जयपटना, जिला कालाहांडी (ओडिशा) तथा लबण्यो छत्रिया (52 वर्ष), निवासी ग्राम काउडोला, थाना आमपानी, जिला कालाहांडी (ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 17.50 लाख रुपये), होंडा SP-125 मोटरसाइकिल (लगभग 70 हजार रुपये) तथा दो मोबाइल फोन (करीब 6 हजार रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 18 लाख 26 हजार रुपये आंका गया है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





