मैनपुर। विकासखंड मैनपुर के अंतर्गत संकुल केंद्र भूतबेड़ा की प्राथमिक शाला भदरीपारा की छात्रा कु. करीना ओटी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। छात्रा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों एवं क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कु. करीना ओटी पिता श्री छबिलाल ओटी एवं माता श्रीमती रैलामती ओटी की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच शिक्षा प्राप्त करते हुए उन्होंने यह सफलता हासिल की है। वनांचल क्षेत्र की इस होनहार छात्रा ने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विशेष बात यह है कि करीना ऐसे क्षेत्र से आती हैं जहां आज भी कई बुनियादी सुविधाओं की कमी है। बावजूद इसके उन्होंने शिक्षा के प्रति अपनी लगन बनाए रखी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए चयनित हुईं।
विद्यालय के शिक्षक श्री तरूण कुमार साहू एवं श्री दारासिंह प्रधान के सतत मार्गदर्शन, प्रेरणा और अभिभावकों के सहयोग ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों ने बताया कि करीना शुरू से ही अध्ययनशील और अनुशासित छात्रा रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि करीना की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। यह उपलब्धि साबित करती है कि ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के बच्चे भी अवसर मिलने पर बड़ी सफलताएं हासिल कर सकते हैं।
करीना ओटी के चयन पर विद्यालय परिवार, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त किया। सरपंच श्री दिनाचंद मरकाम, अभिराम, शत्रुघ्न, टिकेश्वर, सोपसिंह, फूलचंद, केशनाथ, बंशीराम, आनन्द, सगाराम सहित ग्रामवासियों ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीना की सफलता पूरे गांव के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और अन्य बच्चों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करेगी। सभी ने आशा व्यक्त की कि वह भविष्य में भी इसी तरह सफलता प्राप्त कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करती रहेंगी।





