राजस्व पटवारी संघ और कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन एक मंच पर आएंगे; प्रांतीय पदाधिकारी और विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष भी होंगे शामिल
गरियाबंद। राजस्व पटवारी संघ जिला गरियाबंद द्वारा अपनी विभिन्न मांगों और लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर जारी हड़ताल के समर्थन में 3 नवंबर 2026, मंगलवार को जिला मुख्यालय में विशाल रैली निकाली जाएगी। दोपहर 2 बजे आयोजित इस रैली में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन भी शामिल होगा।
रैली में राजस्व पटवारी संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी और विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष विशेष रूप से शामिल होंगे। संघ का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों की एकजुटता का संदेश शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा और आंदोलन को मजबूती मिलेगी।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला गरियाबंद के जिला संयोजक एमआर खान ने पटवारी संघ के आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया है। उन्होंने जिले के समस्त कर्मचारी-अधिकारी साथियों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है।
राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष गुलशन यदु ने कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों की जायज मांगों का निराकरण लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से होना चाहिए। कर्मचारी हितों की रक्षा और न्यायोचित मांगों की पूर्ति के लिए सभी संगठनों का एक मंच पर आना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एकता ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत है।
संघ ने जिले के समस्त कर्मचारी-अधिकारी साथियों से 3 नवंबर को दोपहर 2 बजे जिला मुख्यालय गरियाबंद पहुंचकर रैली को सफल बनाने और कर्मचारी एकता का परिचय देने की अपील की है।
एकता हमारा संकल्प, कर्मचारी हितों की रक्षा हमारा लक्ष्य।


