9 अगस्त को कृषि उपज मंडी प्रांगण रावणभाठा में जुटेंगे आदिवासी समाज के लोग, रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आमसभा होगी
गरियाबंद। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त (रविवार) को गरियाबंद जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय आदिवासी वि
कास परिषद, गरियाबंद के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर के आदिवासी समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है। आयोजन में विशाल रैली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक नृत्य, सामूहिक रैलापाठ और आमसभा का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे पेन पुरखा की सेवा-अर्चना से होगा। इसके बाद जय भीमाल पेन गोंडवाना गाथा परिवार की प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मांदरी नृत्य, पारंपरिक पढ़ना-पड़ेलनी, अतिथि स्वागत और दोपहर 1:30 बजे मुख्य अतिथियों का उद्बोधन होगा। शाम 4 बजे विशाल रैली एवं नगर भ्रमण निकाला जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन कृषि उपज मंडी प्रांगण, रावणभाठा (गरियाबंद) में किया जाएगा। पोस्टर के अनुसार कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रंजीत सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम, विधायक जनक ध्रुव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न आदिवासी समाजों के पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम में जिले के आदिवासी एवं मूलनिवासी समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।
आयोजन समिति ने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस का उद्देश्य आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं, अधिकारों और सामाजिक एकता को सशक्त बनाना है। इसी उद्देश्य से गरियाबंद में जिला स्तरीय आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। विश्व आदिवासी दिवस प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को मनाया जाता है और इसका उद्देश्य आदिवासी समुदायों के अधिकारों, संस्कृति और योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

