बिरकोनी, बड़गांव, कांपा और तुमगांव की समितियों का किया निरीक्षण, बोले- किसानों की अनदेखी सरकार के पतन का कारण बनेगी
महासमुंद। धान खरीदी के बीच किसानों की समस्याओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने ग्रामीण सेवा सहकारी समिति बिरकोनी, बड़गांव, कांपा और तुमगांव का निरीक्षण कर किसानों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई किसानों का पंजीकृत रकबा शून्य होने और धान की फसल वाले खेतों में दूसरी फसल दर्ज किए जाने की शिकायत सामने आई। इससे किसानों के सामने अपनी उपज बेचने का संकट खड़ा हो गया है।
निरीक्षण के दौरान चंद्राकर ने समिति कर्मचारियों से धान की तौलाई नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसान महीनों मेहनत करके फसल तैयार करते हैं, लेकिन खरीदी के समय उन्हें रकबा शून्य होने, गलत फसल दर्ज होने और तौलाई में गड़बड़ी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
भाजपा सरकार किसानों की परेशानी पर आंखें मूंदकर बैठी : चंद्राकर

पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार निरंकुश और तानाशाही रवैया अपना रही है। जिस तरह बिल्ली चोरी से दूध पीते समय आंखें बंद कर लेती है और सोचती है कि उसे कोई नहीं देख रहा, उसी तरह भाजपा सरकार भी किसानों की परेशानियों से आंखें मूंदकर बैठी है। सरकार आत्ममुग्ध होकर किसानों की अनदेखी कर रही है, जो उसके पतन का कारण बनेगा।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी के समय हर साल किसानों को किसी न किसी समस्या से जूझना पड़ता है। कभी रकबा शून्य कर दिया जाता है, तो कभी खेतों में दूसरी फसल दर्ज कर दी जाती है। ऐसी स्थिति में किसान अपनी मेहनत से तैयार धान बेचने के लिए समितियों के चक्कर लगाने को मजबूर होते हैं। यह किसानों के साथ अन्याय है।
हर किसान का धान खरीदने की व्यवस्था करे सरकार
चंद्राकर ने सरकार से मांग की कि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए और पात्र किसानों का धान बिना किसी बाधा के खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि किसान हितैषी होने का दावा करने वाली सरकार को सबसे पहले किसानों की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने समिति प्रबंधकों को भी निर्देशित करते हुए कहा कि धान की तौलाई में पूरी पारदर्शिता रखी जाए और किसानों के साथ किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसानों के साथ खड़ी है कांग्रेस
पूर्व विधायक ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी किसान हित में उनके साथ खड़ी है। किसानों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
इस दौरान किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मानिक साहू, दिलीप चंद्राकर सहित कांग्रेस के अन्य नेता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



