रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने दिए निर्देश, भाटीगढ़ में यूथ और जामगांव में जूनियर रेडक्रॉस समिति का लगेगा प्रशिक्षण शिविर
गरियाबंद। जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याणकारी गतिविधियों को विस्तार देने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा गरियाबंद की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। 23 नवंबर को जिला चिकित्सालय गरियाबंद में कलेक्टर रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आर्थिक सहायता देने, स्कूल-कॉलेजों में सीपीआर प्रशिक्षण और रक्तदान शिविर आयोजित करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी की आगामी कार्ययोजनाओं, वित्तीय प्रबंधन और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर शर्मा ने सोसायटी में उपलब्ध राशि का नियमानुसार उपयोग करने और खर्च में मितव्ययिता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रेडक्रॉस सोसायटी से जोड़कर सदस्य बनाने पर जोर दिया, ताकि सदस्यता शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक कल्याण के कार्यों में किया जा सके।
स्कूल-कॉलेजों में दिया जाएगा सीपीआर प्रशिक्षण

बैठक में एसडीआरएफ के माध्यम से स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों और आम नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता देने के लिए तैयार करना है, ताकि समय रहते किसी की जान बचाने में मदद मिल सके।
गरीब और जरूरतमंदों को मिलेगी आर्थिक सहायता
बैठक में आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर एवं गरीब व्यक्तियों को रेडक्रॉस सोसायटी के सभी सदस्यों की सहमति से आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा महाविद्यालयों में रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग मिल सके।
भाटीगढ़ और जामगांव में होंगे प्रशिक्षण शिविर
युवाओं और विद्यार्थियों को समाजसेवा से जोड़ने के उद्देश्य से ग्राम भाटीगढ़ में यूथ रेडक्रॉस सोसायटी तथा ग्राम जामगांव में जूनियर रेडक्रॉस समिति का प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, डीएसपी गरिमा दादर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यूएस नवरत्न, सिविल सर्जन डॉ. वायके ध्रुव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास लोकेश्वर पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार चंद्राकर, चेयरमैन मधुबाला रात्रे, उप चेयरमैन पुष्पा साहू, कोषाध्यक्ष बोधन साहू, राज्य प्रतिनिधि रोमनलाल साहू, लीड कॉलेज प्रतिनिधि एसएस तारक एवं सत्यम कुम्भकार सहित सदस्य फारूख मेमन, नथमल शर्मा, देवकी साहू तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



