जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, प्रभु श्रीराम के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
गरियाबंद। प्रभु श्रीराम के दर्शन की अभिलाषा लेकर गरियाबंद जिले के 94 श्रद्धालुओं का जत्था सोमवार को अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट परिसर से जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद गरियाबंद के अध्यक्ष रिखीराम यादव, जनपद पंचायत गरियाबंद के उपाध्यक्ष लेखराम साहू, वरिष्ठ नागरिक सुरेंद्र सोनटेके, राधेश्याम सोनवानी तथा समाज कल्याण विभाग के उप संचालक डीपी ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को मिल रहा तीर्थयात्रा का अवसर

श्रीरामलला दर्शन योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से ऐसे श्रद्धालुओं को अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का अवसर मिल रहा है, जो आर्थिक अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण तीर्थयात्रा नहीं कर पाते। योजना के तहत चयनित श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की यात्रा कराई जाती है।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
अयोध्या रवाना हो रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। प्रभु श्रीरामलला के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता रही। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस योजना से लोगों की धार्मिक आस्था को सम्मान मिल रहा है और उन्हें अपने आराध्य के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।



