उसूर थाना क्षेत्र के पुजारीकांकेर के जंगल में सुरक्षाबलों की कार्रवाई, संयुक्त सर्च ऑपरेशन में मिली विस्फोटक सामग्री
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के पुजारीकांकेर जंगल में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया है। सुरक्षाबलों ने मौके से 50 नग बीजीएल (BGL) सेल जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने पुजारीकांकेर जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान जवानों ने जंगल के कुछ संदिग्ध स्थानों की पहचान कर तलाशी ली। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया डंप मिला, जिसमें 50 नग बीजीएल सेल बरामद हुए।
ASP Bijapur Sh. Ravindra Kumar Meena
थाना उसूर में वैधानिक कार्रवाई
विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद सुरक्षाबलों ने उसे जब्त कर लिया है। मामले में थाना उसूर में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तलाश के लिए लगातार अभियान चला रही है।
संदिग्ध वस्तु मिलने पर पुलिस को दें सूचना
बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास बनाए रखने के लिए सर्चिंग और डीमाइनिंग अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। यदि किसी व्यक्ति को कहीं संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखाई देती है तो तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें। ऐसी वस्तुओं को बिल्कुल न छुएं और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।


