मरार पटेल समाज का प्रदेश स्तरीय आयोजन, हजारों सामाजिक बंधुओं को शामिल करने पदाधिकारी कर रहे जनसंपर्क
राजिम। मरार पटेल समाज छत्तीसगढ़ द्वारा आगामी 6 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं शाकंभरी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए राजिम राज के गांव-गांव में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। समाज के पदाधिकारी ग्रामीणों और सामाजिक बंधुओं से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल होने की अपील कर रहे हैं।
राजधानी रायपुर के बूढ़ातालाब स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्रीगण और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति भी दी है।
गांव-गांव बैठक कर बना रहे कार्यक्रम की रणनीति
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर राजिम राज के विभिन्न गांवों में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। बैठकों में सामाजिक एकता, सहभागिता और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की जा रही है। पदाधिकारियों का लक्ष्य राजिम राज से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
प्रदेश पदाधिकारी कर रहे समाजजनों से अपील
इस अभियान में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष तेजराम पटेल, प्रदेश महामंत्री सोमनाथ पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पटेल, प्रदेश अंकेक्षक फिरंगी राम पटेल सहित राज के समस्त पदाधिकारी और तहसील अध्यक्ष सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
पदाधिकारी गांवों में पहुंचकर समाज के लोगों से व्यक्तिगत संपर्क कर रहे हैं और प्रदेश स्तरीय आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान कर रहे हैं।
युवाओं को मिलेगा परिचय का मंच
युवक-युवती परिचय सम्मेलन के माध्यम से विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिवारों को एक-दूसरे से परिचित होने का अवसर मिलेगा। वहीं शाकंभरी महोत्सव के जरिए समाज की सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकजुटता और आपसी समन्वय को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
समाज के पदाधिकारियों ने सभी सामाजिक बंधुओं से अपील की है कि वे 6 दिसंबर को आयोजित इस प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।


