बोरा भराई और तौलाई के नाम पर अब नहीं देना होगा पैसा, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने बताया किसानों के संघर्ष की जीत
महासमुंद। धान खरीदी केंद्रों में बोरा भराई और तौलाई के नाम पर किसानों से पैसे लेने की शिकायतों के बाद सहकारिता विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब किसानों से इन दोनों कार्यों के लिए कोई अतिरिक्त राशि नहीं ली जाएगी। महासमुंद जिले के उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाओं ने 19 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर सभी समितियों को इसका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, महासमुंद के पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान किसानों से बोरा भराई और तौलाई के नाम पर 3 से 4 रुपये तक वसूले जाने की शिकायतें सामने आने की बात कही थी। उन्होंने किसानों से स्पष्ट कहा था कि इन कार्यों के लिए किसी को अतिरिक्त पैसा देने की जरूरत नहीं है। साथ ही व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर किसान हित में आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
19 नवंबर को जारी हुआ आदेश

शिकायतों के बाद उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, महासमुंद द्वारा आदेश क्रमांक 1160 दिनांक 19 नवंबर 2026 जारी किया गया। इसमें खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी के दौरान किसानों से बोरा भराई और बोरा तौलाई के नाम पर समिति या हमालों द्वारा किसी भी प्रकार की राशि नहीं लेने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासन की ओर से समितियों को किसानों द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान की बोरा भराई और तौलाई के लिए राशि प्रदान की जाती है। ऐसे में किसानों से अलग से पैसे मांगना अनुचित है।
किसानों से पैसा न देने और मजदूर नहीं ले जाने की अपील
पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि उन्होंने किसान हित में लगातार आवाज उठाई और किसानों की जागरूकता के कारण शासन स्तर पर यह आदेश जारी हुआ है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि किसी भी धान खरीदी केंद्र में बोरा भराई और तौलाई के नाम पर राशि न दें। किसानों को अपने साथ अलग से मजदूर ले जाने की भी आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इन कार्यों की जिम्मेदारी समितियों की है और इसके लिए शासन द्वारा राशि दी जाती है।
किसानों ने जताया आभार
आदेश जारी होने पर किसानों ने पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर के प्रति आभार जताया है। किसानों का कहना है कि पहले बोरा भराई और तौलाई के नाम पर उनसे 3 से 4 रुपये तक लिए जा रहे थे। अब विभागीय आदेश जारी होने से उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत मिलने की उम्मीद है।
आभार व्यक्त करने वालों में किसान हुलास गिरी, परमेश्वर साहू, परमानंद साहू, किसन देवांगन, राजू यादव, संतोष चंद्राकर, गंगा धीवर, प्रहलाद ध्रुव, मानिक साहू, उदे ध्रुव, दिलीप जैन, राधेलाल सिन्हा, केशव चौधरी, खोम सिन्हा, गंगा पटेल, लमकेश्वर साहू, डागा साहू, राजू दीवान, हुमन दीवान और अरुण पटेल सहित अनेक किसान शामिल हैं।


