करका में 3,433 पेड़ों को सुखाया, 501 काटे गए; 62.94 करोड़ का पर्यावरणीय नुकसान
राधे पटेल / गरियाबंद नगरी | उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम करका में आरक्षित वनभूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए वन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। 19 नवंबर को पुलिस और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में 102.47 हेक्टेयर (करीब 253 एकड़) वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इस संबंध में अतिक्रमणकारियों को जमीन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा
तक किसी ने भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए।

वर्ष 2016 से चल रहा था वन विनाश का खेल
टाइगर रिजर्व टीम ने इसरो और गूगल अर्थ की सैटेलाइट इमेजरी और सितंबर 2026 में कराए गए ड्रोन सर्वे से अतिक्रमण की पुष्टि की है। जांच में सामने आया कि वर्ष 2016 से इस सघन वन क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण का विस्तार किया जा रहा था। अतिक्रमणकारियों ने 3,433 बड़े पेड़ों की छाल निकालकर उन्हें सुखा दिया और 501 पेड़ों की अवैध कटाई की। ग्राम पंचायत रिसगांव (तहसील नगरी) के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 406 और 407 में यह खेल बेखौफ जारी था, जहां ग्राम करका के कुछ लोगों ने सामूहिक रूप से वन कटाई कर खेती शुरू कर दी थी।
हाथी कॉरिडोर और वन भैंसों का इलाका हुआ प्रभावित
इस अंधाधुंध कटाई से न केवल बहुमूल्य वन संपदा नष्ट हुई है, बल्कि हाथी कॉरिडोर और राजकीय पशु वन भैंसा के विचरण क्षेत्र को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। वन विभाग के आकलन के अनुसार, इस गतिविधि से शासन को लगभग 62.94 करोड़ रुपये की पर्यावरणीय एवं वन संपदा की क्षति हुई है।
खड़ी फसल और सामग्री होगी राजसात
इस मामले में वन विभाग ने 23 सितंबर 2026 को वन अपराध दर्ज किया था। इसके बाद एसडीएम नगरी और ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकें हुईं। 30 अक्टूबर को सार्वजनिक नोटिस जारी कर 5 नवंबर तक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया था। किसी के भी द्वारा दावा प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद अब यह बड़ी बेदखली की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमित भूमि पर खड़ी फसल और वहां उपयोग की जा रही सामग्री को भी राजसात किया जाएगा।


