‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी इस साल की थीम, सभी जिला मुख्यालयों में लगेंगी विकास योजनाओं की प्रदर्शनी; स्थानीय कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव मनाया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। इसके तहत विभिन्न जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। आयोजन के दौरान सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, वहीं शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा।
गरियाबंद में टंकराम वर्मा, बिलासपुर में अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि
राज्य शासन के 27 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, गरियाबंद जिले में मंत्री टंकराम वर्मा राज्योत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को मुख्य अतिथि बनाया गया है।
अन्य जिलों में जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सरगुजा में रामविचार नेताम, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन और जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि होंगे।
इसी तरह खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, राजनांदगांव में गजेंद्र यादव और बीजापुर में गुरु खुशवंत साहेब को मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी दी गई है।
सांसदों और विधायकों को भी मिली जिलों की जिम्मेदारी
शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, इन जिलों में सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
| जिला | मुख्य अतिथि |
|---|---|
| बलौदाबाजार-भाटापारा | सांसद बृजमोहन अग्रवाल |
| बेमेतरा | सांसद विजय बघेल |
| कबीरधाम | सांसद संतोष पांडेय |
| बलरामपुर-रामानुजगंज | सांसद चिंतामणि महाराज |
| महासमुंद | सांसद रूपकुमारी चौधरी |
| सारंगढ़-बिलाईगढ़ | सांसद राधेश्याम राठिया |
| सक्ती | सांसद कमलेश जांगड़े |
| दंतेवाड़ा | सांसद महेश कश्यप |
| बालोद | सांसद भोजराज नाग |
| सुकमा | सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह |
| मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी | सांसद लक्ष्मी वर्मा |
| कोरिया | विधायक भैयालाल राजवाड़े |
| मुंगेली | विधायक पुन्नूलाल मोहले |
| धमतरी | विधायक अजय चंद्राकर |
| मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर | विधायक रेणुका सिंह |
| गौरेला-पेंड्रा-मरवाही | विधायक अमर अग्रवाल |
| कोंडागांव | विधायक लता उसेंडी |
| नारायणपुर | विधायक विक्रम उसेंडी |
| बस्तर | विधायक किरण देव |
विकास योजनाओं की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
राज्योत्सव के दौरान जिला मुख्यालयों में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की जानकारी आम जनता को दी जाएगी।
कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। शासन ने जिला प्रशासन को आयोजन की गरिमा बनाए रखने और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
1 से 3 नवंबर तक रोशनी से सजेंगे सरकारी भवन
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग अपने बजट से आवश्यक व्यवस्थाएं करेंगे।
राज्य शासन ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित मुख्य अतिथियों से परामर्श कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करें और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें। राज्योत्सव के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


