ग्रामीण खेल प्रतिभाओं की खोज, नशामुक्त युवा अभियान और कुपोषण के खिलाफ प्रयासों पर प्रधानमंत्री ने रखी बात; छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा’ अभियान का किया उल्लेख
मैनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 138वीं कड़ी रविवार को भारतीय जनता पार्टी मंडल मैनपुर के जाड़ापदर बूथ क्रमांक 95 में भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और युवाओं ने सामूहिक रूप से सुनी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन में देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक प्रयासों, ग्रामीण प्रतिभाओं और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने पर जोर
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ग्रामीण और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को खोजने और उन्हें उचित प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ाने की जरूरत पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गांवों और छोटे कस्बों तक पहुंचकर खेल प्रतिभाओं की पहचान करना आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने पंजाब के राजिंदर सिंह के प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
कुपोषण के खिलाफ छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख
‘मन की बात’ में सितंबर माह को कुपोषण के खिलाफ लड़ाई और पोषण जागरूकता से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किया। इस अभियान के माध्यम से लोगों को पौष्टिक मुनगा यानी मोरिंगा को अपने भोजन में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कुपोषण के खिलाफ विभिन्न राज्यों में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया और समाज के स्तर पर पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
नशामुक्त युवा अभियान पर भी चर्चा
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अन्य युवाओं को भी नशे से बचाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के अनुसार यह अभियान 100 सप्ताह तक चलाया जाएगा और इसमें MY Bharat के स्वयंसेवकों, NSS से जुड़े युवाओं, स्कूल-कॉलेजों तथा सामाजिक और आध्यात्मिक संस्थाओं की भागीदारी हो रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने ध्यानपूर्वक सुनी मन की बात
जाड़ापदर में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशिक्षण प्रमुख एवं जाड़ापदर ‘मन की बात’ प्रभारी योगेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र साहू सहित भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीणजन और युवा मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को अवसर देने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा पोषण और कुपोषण के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के इस एपिसोड में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ और देश के अलग-अलग क्षेत्रों की विशिष्ट पहचान को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बात रखी।


