कछारडीह गांव के पास जंगल में हुआ हमला
महासमुंद। जिले के झलप वन परिक्षेत्र के समीप ग्राम कछारडीह में 13 सितंबर 2026 को जंगली भालू के हमले की घटना सामने आई। हमले में करीब 55 वर्षीय ग्रामीण दर्शन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दर्शन यादव रविवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल की ओर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक जंगल से निकले जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें
बताया जा रहा है कि भालू ने दर्शन यादव के सिर, मुंह, नाक और कान के आसपास हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचाया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया।
वन विभाग को दी गई सूचना
घटना की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है। भालू के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल से लगे इलाकों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
महासमुंद जिले में पहले भी मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आती रही हैं।


