मैनपुर खुर्द के पटेलपारा में वर्षों पुराना पोल झुका, ग्रामीणों में दहशत; आसपास के कई गांव बार-बार बिजली कटौती से भी परेशान
मैनपुर। मैनपुर मुख्यालय से लगे ग्राम मैनपुर खुर्द के पटेलपारा में लगा बिजली का पोल पूरी तरह जर्जर हो चुका है। लगातार बारिश के बीच पोल के कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने इसे नहीं बदला तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्षों पुराना यह बिजली पोल अब काफी झुक चुका है और उसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। बारिश और तेज हवा के दौरान इसके गिरने का खतरा और बढ़ जाता है। पोल के आसपास मकान होने के साथ लोगों का दिनभर आवागमन रहता है। ऐसे में किसी भी समय जनहानि या बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो पोल बदला गया और न ही उसकी मरम्मत कराई गई। बरसात के मौसम में लोग हर समय अनहोनी की आशंका के बीच रहने को मजबूर हैं।
बार-बार बिजली गुल होने से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि केवल मैनपुर खुर्द ही नहीं, बल्कि जिड़ार, जाड़ापदर, नाउमुडा , गोपालपुर और छुईहा सहित आसपास के कई गांवों में भी पिछले कुछ दिनों से हर 20 से 30 मिनट के अंतराल में बिजली की आवाजाही हो रही है। लगातार ट्रिपिंग के कारण घरेलू कामकाज, पेयजल आपूर्ति, विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। बारिश के दौरान यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी
इस संबंध में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (AE) एस.के. बजारे ने बताया कि “बारिश और मौसम सामान्य होने के बाद जर्जर बिजली पोल सहित आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएंगे। फिलहाल लगातार बारिश के कारण कार्य कराने में तकनीकी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।”

