राधे पटेल / गरियाबंद
गरियाबंद। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं में रोजगार नहीं मिलने को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। जिला परियोजना लिवलीहुड कॉलेज, गरियाबंद में प्रशिक्षण पूरा करने के बावजूद कई प्रशिक्षित युवक-युवतियां अब तक रोजगार से वंचित हैं। रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भाटीगढ़ सहित पांच विकासखंडों के युवाओं ने 4 अगस्त 2026 को कलेक्टर गरियाबंद को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
युवाओं का कहना है कि उन्होंने जिला परियोजना लिवलीहुड कॉलेज में निर्धारित पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें रोजगार के अवसर मिलने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन प्रशिक्षण समाप्त हुए काफी समय बीत जाने के बाद भी अधिकांश प्रशिक्षित युवाओं को नौकरी नहीं मिल सकी है। इससे उनमें निराशा का माहौल है।
प्रशिक्षित युवाओं ने आरोप लगाया कि योजना का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना भी है। उनका कहना है कि यदि प्रशिक्षण के बाद रोजगार ही नहीं मिलेगा तो योजना का वास्तविक उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग रोजगार मेलों का आयोजन कर निजी कंपनियों से समन्वय स्थापित करे और प्रशिक्षित युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में युवाओं ने कहा कि वे लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। यदि शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो वे आगे भी अपनी मांग को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

