गरियाबंद। क्षेत्र की होनहार छात्रा सुनिधि ध्रुव ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है। सरस्वती शिशु मंदिर दर्रीपारा में अध्ययनरत सुनिधि, पिता सुरेश कुमार ध्रुव, का चयन कक्षा 6वीं के लिए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुड़ा (छुरा) में हुआ है। छत्तीसगढ़ में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किए जाते हैं।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरस्वती शिशु मंदिर दर्रीपारा के विद्यार्थियों ने एकलव्य विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुनिधि की इस उपलब्धि को विद्यालय में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।
छात्रा की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश कुमार देवंशी, आचार्या सुश्री दुर्गा ध्रुव, सीमा साहू, लुभा ध्रुव, श्रीमती अस्मिता शर्मा सहित समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया। शिक्षकों ने सुनिधि के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
सुनिधि के चयन की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उसकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य बच्चों का भी उत्साह बढ़ेगा और वे भी प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

