धमतरी। ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले की 122 ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम शेड का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 7 करोड़ 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम के दौरान सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में यह कार्य स्वीकृत किया गया है। योजना के तहत धमतरी विकासखंड में 17, कुरूद में 5, मगरलोड में 38 तथा नगरी विकासखंड में 62 मुक्तिधाम शेड बनाए जाएंगे।
ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
कई ग्राम पंचायतों में वर्षों से मुक्तिधाम पर शेड और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव था। खासकर बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नए शेड बनने से ऐसी परिस्थितियों में राहत मिलेगी और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं सम्मानजनक ढंग से संपन्न हो सकेगी।
मजबूत निर्माण और नियमित निगरानी
प्रशासन के अनुसार सभी मुक्तिधाम शेड मजबूत एवं टिकाऊ सामग्री से तैयार किए जाएंगे। स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त स्थान, छायादार व्यवस्था और अन्य उपयोगी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी निरीक्षण एवं नियमित निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
रोजगार और ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा
इस योजना से स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। ग्राम पंचायतों की भागीदारी से निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जनसहभागिता बढ़ेगी, वहीं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल ग्रामीण अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ सामाजिक गरिमा और जनसुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

