धमतरी। धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 53 पेटी अवैध शराब जब्त की है। थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम धौराभाठा में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 458 लीटर अवैध शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2.23 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। मामले में पुलिस अब शराब की अंतरराज्यीय सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना पर थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम धौराभाठा में घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से खिलानंद साहू उर्फ गोलू साहू (33) तथा कमलेश साहू (32) को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 पेटी देशी प्लेन शराब (1,920 पौवा/345.600 लीटर), 5 पेटी देशी मसाला शराब (240 पौवा/43.200 लीटर) तथा 8 पेटी जम्मू व्हिस्की (384 पाव/69.120 लीटर) बरामद की। इस तरह कुल 53 पेटी यानी 2,544 पौवा (लगभग 458 लीटर) अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,23,680 आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला केवल अवैध भंडारण तक सीमित नहीं माना जा रहा है। जब्त शराब की सप्लाई चेन, परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और अधिक प्रभावी तरीके से जारी रहेगा।





