रायपुर। रायपुर जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि शासकीय पी.जी. उमाठे उत्कृष्ट विद्यालय, शांति नगर का चयन प्रतिष्ठित BRICS 2026 School Geospatial Project Showcase के लिए किया गया। छत्तीसगढ़ से चयनित यह एकमात्र विद्यालय रहा, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी जियोस्पेशियल परियोजना का सफल प्रदर्शन कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और जियोस्पेशियल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 22 जुलाई 2026 को भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), तिरुपति में आयोजित किया गया, जहाँ ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के समक्ष विद्यार्थियों की परियोजनाएँ प्रस्तुत की गईं। BRICS मंच 2026 में भारत की अध्यक्षता के तहत इस तरह के नवाचार आधारित कार्यक्रमों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
शासकीय पी.जी. उमाठे उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षिका श्रीमती रीता मंडल के मार्गदर्शन में “Building Sponge City Together” विषय पर अपनी परियोजना प्रस्तुत की। इस प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं ने भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS), सैटेलाइट इमेजरी, मोबाइल मैपिंग और अन्य आधुनिक जियोस्पेशियल तकनीकों का उपयोग करते हुए SDG-6 यानी “सभी के लिए स्वच्छ जल और स्वच्छता” पर प्रभावी कार्य किया।
कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) तथा भारती विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरनमेंट एजुकेशन एंड रिसर्च (BVIEER), पुणे के सहयोग से किया गया था। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की परियोजनाएँ स्कूल स्तर पर नवाचार, पर्यावरणीय सोच और तकनीकी समझ को नई दिशा देती हैं।
विद्यालय की छात्रा वार्तिका पाटिल (कक्षा 8वीं) और उमेश्वरी साहू (कक्षा 7वीं) ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रस्तुति दी, जबकि शिक्षिका श्रीमती रीता मंडल को परियोजना मार्गदर्शक के रूप में चयनित किया गया। इस उपलब्धि ने रायपुर ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
रायपुर जिले की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन, वैज्ञानिक सोच और नवाचार के अवसर मिलें तो सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।





