गरियाबंद । डिजिटल शासन व्यवस्था को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से प्रमाण-पत्रों सहित कई आवश्यक सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नागरिकों का समय और खर्च दोनों बच रहे हैं।
इसी पहल का एक सकारात्मक उदाहरण गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में देखने को मिला। ग्राम मैनपुरकला निवासी नैन सिंह ने अपनी पुत्री तथा ग्राम नहानबिरी निवासी बोध सिंह ने अपने पुत्र के लिए सेवा सेतु केंद्र, तहसील मैनपुर में आय प्रमाण-पत्र बनवाने हेतु आवेदन किया। दोनों आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए संबंधित विभाग ने महज 24 घंटे के भीतर आय प्रमाण-पत्र जारी कर दिए।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री मिथलेश देवांगन ने बताया कि सेवा सेतु व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऑनलाइन प्रक्रिया और विभागीय समन्वय के कारण अब प्रमाण-पत्रों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है तथा ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सुविधा मिल रही है।
आय प्रमाण-पत्र मिलने के बाद नैन सिंह और बोध सिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं राज्य शासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे दस्तावेज़ बनवाने के लिए कई दिनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से पूरी प्रक्रिया आसान, पारदर्शी और तेज़ हो गई है।
सेवा सेतु पहल विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। इससे शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच रहा है और डिजिटल प्रशासन की दिशा में राज्य का प्रयास आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है।





