मैनपुर। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहिब, राजिम विधानसभा के विधायक रोहित साहू तथा धरसीवा विधानसभा के विधायक अनुज शर्मा सोमवार को अमलीपदर में आयोजित भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
रथयात्रा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापसी के दौरान तीनों जनप्रतिनिधि मैनपुर स्थित विश्राम गृह पहुंचे, जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित कर संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने तथा आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय करने तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ एवं स्थानीय कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष संतोष यादव , जिला संयोजक तुलसी राठौर, दिनेश शर्मा, नंदकिशोर चौबे, पुलस्त शर्मा, मनोज निर्मलकर, गोपी सोनवानी, गुलशन साहू, देव वासनिक, संतोष यादव, जनक यादव एवं सौरभ बाघमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





