रायपुर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के आह्वान पर बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस भवन (राजीव भवन) का घेराव किया गया। यह प्रदर्शन कांग्रेस के हालिया विरोध प्रदर्शनों के जवाब में आयोजित भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।
इस प्रदर्शन में गरियाबंद जिले से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री नंदकिशोर चौबे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से गोपी सोनवानी, देवासनिक सहित जिले के अनेक युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय के घेराव कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही। इनमें भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय सहित पार्टी के कई प्रदेश पदाधिकारी एवं मंत्री उपस्थित रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा और भाजपा की नीतियों को जनहित में बताया।

रायपुर में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। यह प्रदर्शन प्रदेश की राजनीति में बढ़ते सियासी टकराव के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





