मेहनत और लगन से हासिल की सफलता, विद्यालय परिवार ने किया सम्मानित
मैनपुर। मैनपुर स्थित द हाइट्स इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल की मेधावी छात्रा वंशिका कश्यप ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। छात्रा के चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया। गौरतलब है कि जवाहर नवोदय विद्यालयों में प्रवेश राष्ट्रीय स्तर की चयन परीक्षा के माध्यम से होता है, जिसमें सफलता प्राप्त करना प्रतिभा और निरंतर मेहनत का परिचायक माना जाता है।
वंशिका कश्यप की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के संचालक मोहम्मद हफीज अंसारी, उप संचालक श्रीमती नाहिद अख्तर खान, प्राचार्य गिरिजा शंकर शर्मा एवं उप-प्राचार्य सुश्री चमेली कश्यप ने संयुक्त रूप से वंशिका को बधाई देते हुए कहा कि “मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। हमें विश्वास है कि वंशिका भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए अपने माता-पिता, विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेगी तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।”
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की नियमित तैयारी भी कराई जाती है। वंशिका की सफलता विद्यालय के सतत शैक्षणिक प्रयासों, शिक्षकों के मार्गदर्शन और उनकी स्वयं की मेहनत का परिणाम है।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि वंशिका की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करेंगे।





