गरियाबंद। बदलते दौर में अपराधों की जांच को अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में गरियाबंद पुलिस ने नई पहल की है। जिले के विवेचकों को आपराधिक मामलों की जांच के लिए 72 आधुनिक स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं। इन स्मार्टफोनों के जरिए अब डिजिटल साक्ष्यों का संग्रह, दस्तावेजों का ई-साइन और अन्य ऑनलाइन प्रक्रियाएं मौके पर ही पूरी की जा सकेंगी, जिससे विवेचना में तेजी आने की उम्मीद है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में स्मार्टफोन वितरण के साथ विवेचकों की समीक्षा बैठक और विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने विवेचकों को आधुनिक डिजिटल पुलिसिंग टूल्स के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में ई-साक्ष्य के सुरक्षित संकलन, ई-साइन एफआईआर के माध्यम से दस्तावेजों पर त्वरित डिजिटल हस्ताक्षर, न्यायालयीन दस्तावेजों एवं चार्जशीट के डिजिटल प्रमाणीकरण तथा ‘समाधान’ ऐप के जरिए आम नागरिकों की शिकायतों के शीघ्र निराकरण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों की प्रकृति तेजी से बदल रही है। ऐसे में तकनीक आधारित जांच व्यवस्था समय की आवश्यकता है। अब विवेचक घटनास्थल पर ही डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर सकेंगे, जिससे जांच अधिक सटीक होगी और अदालत में साक्ष्य प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी मजबूत होगी।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से कागजी कार्रवाई में लगने वाला समय कम होगा, जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रकरणों का जल्द निराकरण करने में मदद मिलेगी। जिले में डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





