बिना फिटनेस और PUC के सड़क पर दौड़ रही थी बस
संयुक्त जांच टीम ने शहर में संचालित एक स्प्रिंग्स बोर्ड स्कूल की बस को रोककर उसके दस्तावेजों एवं सुरक्षा उपकरणों की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि बस के पास वैध फिटनेस सर्टिफिकेट और PUC (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) उपलब्ध नहीं था। इतना ही नहीं, बस में बच्चों की आपातकालीन सुरक्षा के लिए आवश्यक फायर एक्स्टिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) भी मौजूद नहीं था।
इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल बस को जब्त कर लिया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ₹10,000 का ई-चालान भी जारी किया।
बच्चों की सुरक्षा से नहीं होगा कोई समझौता
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी स्कूल संचालकों एवं वाहन स्वामियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, PUC, फायर एक्स्टिंग्विशर सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा मानकों को समय-समय पर अपडेट रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में स्कूल बसों की जांच अभियान और अधिक सख्ती से जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों से भी सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को जिस स्कूल वाहन से भेज रहे हैं, उसकी सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी अवश्य रखें। सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप संचालित स्कूल वाहन ही बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कर सकते हैं।






