रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत राजधानी रायपुर के ऑक्सीजोन गार्डन में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि मातृशक्ति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न जनहितकारी अभियान चलाए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव समाज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण कर इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। यह अभियान लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और हरित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित कर रहा है।





