- सोनहत। थाना सोनहत पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 66 हजार 200 रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी विनोद पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
ग्राम रामगढ़ निवासी उमाशंकर साहू ने थाना सोनहत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 जून 2026 को वह मेहमानी कार्यक्रम में शामिल होने मनेन्द्रगढ़ गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी अकेली थी। शाम करीब 7 बजे वह घर में साकल लगाकर पड़ोस में गई थी। लगभग आधे घंटे बाद वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा हुआ मिला तथा पेटी खुली हुई थी। अज्ञात चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और नगदी चोरी कर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर राकेश कुमार गुप्ता (28 वर्ष) पिता श्रीपथ गुप्ता निवासी ग्राम रामगढ़ तथा एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक जोड़ी सोने की बाली, तीन नग सोने का मंगलसूत्र, एक नग चांदी की कमरधनी, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 3 हजार रुपये नगद सहित कुल 66 हजार 200 रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद कर जप्त किया।
पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार गुप्ता एवं अपचारी बालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद पासवान, उप निरीक्षक राजाराम राठिया, उप निरीक्षक नीलमणि कुजूर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक धलेन्द्र प्रसाद भारती, आरक्षक निखलेश राजवाड़े, आरक्षक शिव पटेल, सहायक आरक्षक उमेन्द्र सिंह तथा आरक्षक समयलाल की महत्वपूर्ण
भूमिका रही।





